अलीगढ़ में सपा सांसद रामजीलाल सुमन के काफिले पर हंगामा, काली स्याही और टायर फेंके

News360Now | अलीगढ़ | 103

करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाए गए, टायर फेंके गए और काली स्याही भी उछाली गई। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर पथराव करने का भी आरोप लगाया है।

सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन को रविवार को अलीगढ़ में तीव्र विरोध का सामना करना पड़ा। करणी सेना के कार्यकर्ताओं ने उनके काफिले को घेरकर काले झंडे दिखाए, काली स्याही और टायर फेंकते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।

रामजीलाल सुमन का काफिला हाथरस से बुलंदशहर की ओर जा रहा था। जैसे ही यह खबर फैली, करणी सेना के कार्यकर्ता खेरेश्वर चौराहे पर जमा हो गए। सुमन का काफिला जब वहां पहुंचा तो अचानक अफरा-तफरी मच गई। काफिला तेज रफ्तार में निकलने की कोशिश करने लगा, जिससे कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं और क्षतिग्रस्त हो गईं। इस हादसे में एडवोकेट ब्रजमोहन राही, लल्लनबाबू, वीरपाल सिंह, सत्यपाल, सुरेश और विजयपाल घायल हो गए। सभी घायलों का संबंध हाथरस के थाना चंदंपा क्षेत्र के गांव कुवंरपुर से है।

तनाव यहीं नहीं थमा। काफिला जैसे-तैसे गभाना टोल प्लाजा पहुंचा तो वहां भी प्रदर्शनकारियों ने मोर्चा संभाल रखा था। टोल से पहले फिर से काले झंडे दिखाए गए, टायर फेंके गए और काली स्याही भी उछाली गई। सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर पथराव करने का भी आरोप लगाया है।
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने टोल पर ही सपा सांसद रामजीलाल सुमन को रोक दिया और उन्हें वापस लौटने की सलाह दी। कुछ सपा कार्यकर्ताओं को ही आगे जाने दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि कोई अप्रिय स्थिति न बने।