करकी गांव की तीन बहनों ने रचा इतिहास, एक साथ बनीं यूपी पुलिस सिपाही

Vishal Singh | बड़ी खबर | 92

सोनभद्र जिले के करकी गांव की तीन होनहार बहनें ने अपनी मेहनत और लगन से नया इतिहास रच दिया है। तीनों बहनों ने एक साथ यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पास कर पूरे गांव का नाम रोशन किया है।

सोनभद्र के करमा थाना क्षेत्र के करकी गांव की तीन बहनें—सुमन सिंह पटेल, मंजू सिंह पटेल और आराधना सिंह पटेल—ने यूपी पुलिस में सिपाही भर्ती परीक्षा पास कर इतिहास रच दिया है। उनकी इस सफलता ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे गांव को गर्व से भर दिया है। पूरे गांव में जश्न का माहौल है और हर कोई इन बहनों की मेहनत और लगन की सराहना कर रहा है।

संघर्ष से सफलता तक का सफर
इन तीनों होनहार बहनों के पिता अनिल सिंह पटेल किसान हैं, जबकि माता राजकुमारी देवी गृहिणी हैं। उनके दादा स्वतंत्रता संग्राम सेनानी यज्ञ नारायण सिंह पटेल थे, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना अहम योगदान दिया था। यह परिवार हमेशा से संघर्ष, मेहनत और देशसेवा के लिए जाना जाता है, और अब नई पीढ़ी की शानदार उपलब्धियों ने इसे और भी प्रेरणादायक बना दिया है।

देशसेवा की परंपरा को आगे बढ़ाया
इस परिवार में पहले से ही देश की सेवा करने वाले कई सदस्य हैं। सेनानी यज्ञ नारायण सिंह पटेल के वंशजों में चार लोग यूपी पुलिस में सिपाही हैं, जबकि परिवार के अन्य सदस्य भी प्रतिष्ठित पदों पर कार्यरत हैं—
श्याम ललित सिंह पटेल – असिस्टेंट मैनेजर (एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया)
शिवललित सिंह पटेल – इंजीनियर (यूपीपीसीएल)
अवधेश सिंह पटेल – यूपी पुलिस सिपाही

इस उपलब्धि के बाद करकी गांव की इन बहनों को लड़कियों के लिए रोल मॉडल माना जा रहा है। उनकी सफलता यह साबित करती है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।