वक्फ संशोधन कानून को बंगाल में लागू नहीं होने दूंगी: ममता बनर्जी

News360Now | राजनीति | 98

इसी कानून के खिलाफ बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रशासन ने धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है, जो 48 घंटे तक प्रभावी रहेगी।

वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर में राजनीतिक हलचल तेज है। इसी बीच, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि केंद्र सरकार का वक्फ संशोधन कानून राज्य में लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने कोलकाता में जैन समुदाय के एक कार्यक्रम में कहा कि राज्य सरकार अल्पसंख्यकों और उनकी संपत्तियों की पूरी सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।

ममता ने कहा, “मैं जानती हूं कि इस अधिनियम से आप चिंतित हैं। लेकिन भरोसा रखें, बंगाल में कोई ऐसा कदम नहीं उठाया जाएगा जिससे समाज को बांटने की कोशिश की जाए।" उन्होंने कहा कि वक्फ संशोधन विधेयक को अभी पारित नहीं किया जाना चाहिए था और साथ ही बांग्लादेश के हालात का हवाला देते हुए चेताया कि ऐसे कानूनों से सामाजिक सौहार्द को खतरा हो सकता है।

मुर्शिदाबाद में हिंसा, भाजपा का ममता सरकार पर हमला
इसी कानून के खिलाफ बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर इलाके में हिंसक प्रदर्शन हुआ। प्रदर्शन के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाया और पुलिस की गाड़ियों में आग लगाने की कोशिश की। हालात को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है, जो 48 घंटे तक प्रभावी रहेगी।

भाजपा ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर ममता सरकार पर निशाना साधा। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारियों को “अराजक तत्व” बताया और आरोप लगाया कि राज्य सरकार वोट बैंक की राजनीति कर रही है।

सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति चरमरा गई है। केंद्र को हस्तक्षेप करना चाहिए और केंद्रीय बलों की तैनाती की जानी चाहिए।” उन्होंने राज्य के मुख्य सचिव और केंद्रीय गृह मंत्रालय से तुरंत कार्रवाई की मांग की।

कानून को मिल चुकी है राष्ट्रपति की मंजूरी
गौरतलब है कि वक्फ संशोधन विधेयक पिछले हफ्ते लोकसभा और राज्यसभा से पारित हुआ था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को इसे मंजूरी दे दी थी। केंद्र सरकार का कहना है कि इस कानून से भूमि विवादों में कमी, वक्फ बोर्ड की पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। 
भाजपा नेता अमित मालवीय ने मुर्शिदाबाद जिला प्रशासन के उस आदेश की प्रति भी साझा की है, जिसमें धारा 163 के अंतर्गत निषेधाज्ञा लगाने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल जंगीपुर क्षेत्र में सुरक्षा बलों की भारी तैनाती की गई है।