इस बार नीले ड्रम नहीं, सूटकेस में दो टुकड़ों में मिला बेबस पति

Vishal Singh | उत्तर प्रदेश | 128

30 वर्षीय नौशाद सऊदी अरब में जॉब करता था। पुलिस के अनुसार, रजिया और अपने ही रिश्ते के भांजे रूमान ने मिलकर नौशाद की हत्या कर दी। शव को उसी सूटकेस में ठूंस दिया, जिसे वह खुद हफ्ता भर पहले ही सऊदी से घर लौटा था।

मेरठ की नीले ड्रम वाली घटना की पीड़ा अभी लोगों के ज़ेहन से धुंधली भी नहीं हुई थी कि उत्तर प्रदेश के देवरिया से एक और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां पति-पत्नी और रिश्तेदार के रिश्ते उस हद तक बिगड़े कि बात कत्ल और सूटकेस में शव ठिकाने लगाने तक पहुंच गई।

पति को उसी सूटकेस में किया बंद, जिसमें लेकर लौटा था विदेश से
30 वर्षीय नौशाद सऊदी अरब में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालता था। हफ्ता भर पहले ही वह विदेश से दो बड़े सूटकेस लेकर घर लौटा था। पर उसे क्या पता था कि उसका लौटना किसी की नजर में रुकावट बन चुका है। उसकी पत्नी रजिया सुल्तान का अपने ही रिश्ते के भांजे रूमान के साथ प्रेम संबंध था। नौशाद की वापसी के बाद दोनों को लगा कि उनका "सपना" अब टूट सकता है। और फिर एक खौफनाक साजिश रची गई।
पुलिस के अनुसार, रजिया और रूमान ने मिलकर नौशाद की हत्या कर दी। शव को उसी सूटकेस में ठूंस दिया जिसमें वह दुबई से भारत आया था। इसके बाद सूटकेस को करीब 60 किलोमीटर दूर पकड़ी छापर पठखौली गांव के एक सुनसान खेत में फेंक दिया गया।

ग्रामीणों की नजर में आया सूटकेस, पुलिस जांच में खुली साजिश
अगली सुबह खेत में पड़े बंद सूटकेस को देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब सूटकेस खोला, तो उसमें नौशाद का शव मिला, सिर पर गहरे घावों के निशान थे। देवरिया के एसपी विक्रांत वीर खुद मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और सर्विलांस यूनिट की मदद से जांच शुरू की गई। जल्द ही हत्या की कड़ियां जुड़ने लगीं।

पूछताछ में उगला सच, आरोपी महिला गिरफ्तार, प्रेमी फरार
जब रजिया को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गई, तो उसने हत्या की साजिश और क्रियान्वयन की पूरी कहानी उगल दी। हत्या में इस्तेमाल किया गया धारदार हथियार भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि, रूमान फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

परिवार में कोहराम, बहन ने की इंसाफ की मांग
नौशाद की बहन ने रोते हुए कहा, "मेरा भाई मेहनत से कमाकर लाया था, बीवी और भांजे ने मिलकर उसे मार डाला। उनको फांसी होनी चाहिए।"

कानून की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है
पुलिस ने रजिया को हत्या, साजिश और साक्ष्य छुपाने की धाराओं में गिरफ्तार किया है। रूमान की गिरफ्तारी के बाद पूरी साजिश के और भी पहलू सामने आ सकते हैं। यह घटना एक बार फिर रिश्तों, भरोसे और इंसानियत पर गहरे सवाल खड़े करती है। यह भी याद दिलाती है कि कानून के हाथ लंबे हैं, और कोई अपराध ज्यादा दिनों तक छुपा नहीं रह सकता।