लखटकिया हुआ सोना, अब ख्वाब में ही दिखेगा सोना!

Vishal Singh | बड़ी खबर | 37

विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय हालात स्थिर नहीं होते और डॉलर पर दबाव रहता है, तब तक सोने की कीमतों में कोई बड़ी गिरावट नहीं दिखेगी।

भारत में सोने की चमक अब आम आदमी की पहुँच से बाहर होती दिख रही है। सोमवार को 24 कैरेट सोने की कीमत ने इतिहास रचते हुए ₹1,00,000 (एक लाख ) प्रति 10 ग्राम की सीमा को पार कर लिया। यह पहली बार है जब भारत में सोना इस स्तर तक पहुंचा है। जहाँ निवेशकों के चेहरे पर मुस्कान है, वहीं आम जनता, खासकर मध्यम वर्ग और ज्वेलरी खरीदने वाले परिवारों में चिंता साफ झलक रही है। खासकर शादी-ब्याह के मौसम में यह बढ़ोतरी लोगों के बजट को बिगाड़ सकती है।

आज के भाव – कैरेट के हिसाब से

  • 24 कैरेट: ₹1,01,500/10 ग्राम
  • 22 कैरेट: ₹93,050/10 ग्राम
  • 20 कैरेट: ₹79,030/10 ग्राम
  • 18 कैरेट: ₹76,140/10 ग्राम

(रेट्स क्षेत्र के अनुसार थोड़ा-बहुत बदल सकते हैं)

क्यों बेकाबू हो रही है सोने की कीमत? 

  • अंतरराष्ट्रीय तनाव: इज़राइल-ईरान और रूस-यूक्रेन संघर्ष ने वैश्विक निवेशकों को डराया है।
  • रुपया कमजोर: डॉलर के मुकाबले गिरते रुपये ने आयातित सोने को और महंगा बना दिया है।
  • बढ़ती महंगाई: लोग अब स्टॉक या रियल एस्टेट से ज्यादा सोने में निवेश कर रहे हैं।
  • केंद्रीय बैंकों की खरीद: कई देशों के बैंक सोना खरीदकर स्टॉक बढ़ा रहे हैं।

क्या बोले बाजार के लोग?
दिल्ली के एक ज्वेलर ने बताया, “ग्राहक तो पूछने आ रहे हैं, लेकिन हाथ खाली जा रहे हैं। लोग अब पुराने गहनों को एक्सचेंज करने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं।” शादी की तैयारी कर रहे ग्रेटर नोएडा में रहने वाली ज्योति शर्मा ने कहा की , “अब तो लग रहा है दुल्हन को सोने की जगह चांदी देनी पड़ेगी।”

क्या रुकने वाला है सोना?
विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक अंतरराष्ट्रीय हालात स्थिर नहीं होते और डॉलर पर दबाव रहता है, तब तक सोने की कीमतों में कोई बड़ी गिरावट नहीं दिखेगी।